अहमदाबादः सरखेज-गांधीनगर राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत

अहमदाबाद, 01 फरवरी (हि.स.)। देर रात सरखेज-गांधीनगर हाईवे पर सनाथल ब्रिज क्रॉस रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक तेंदुए की मौत हो गई। देर रात सड़क पर तेंदुए को गिरा देख वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, किसी बड़े वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हुई होगी। कुछ दिनों पहले अफवाह थी कि एक तेंदुआ वस्त्राल में दिखाई दिया है। हालांकि वन विभाग ने इस दावे को खारिज कर दिया था।

इस घटना से पूर्व भी कई स्थानों पर आबादी के बीच तेंदुए देखे जा चुके हैं। अप्रैल 2020 में जब गांधीनगर के पास कोलवाड़ा में राजकीय मॉडल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदिक साइंस में कोरोना संक्रमित रोगियों के लिए अस्पताल तैयार किया जा रहा था, वहां भी एक तेंदुआ घुस आया था। एक कर्मचारी ने तेंदुए को कमरे में बंद कर दिया था। जिसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को कब्जे में लिया।

नवंबर 2018 में भी आधी रात को गुजरात के उच्च सुरक्षा स्थानों में से एक, गांधीनगर के विधानसभा-सचिवालय परिसर में एक तेंदुए घुस गया। जिसे 13 घंटे बाद सचिवालय के पीछे सीएम के मार्ग वीआईपी रोड -2 पर भारी मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *